नवरात्रि: सिर्फ नौ दिन का त्योहार नहीं, एक एहसास है नवरात्रि: सिर्फ नौ दिन का त्योहार नहीं, एक एहसास है 14 अक्टूबर 2026 पढ़ने में लगभग 9 मिनट ९ बहुत टाइम हो गया था कुछ लिखे हुए। पढ़ाई, टेस्ट सीरीज़ और रोज़ की भागदौड़ में लिखना कहीं पीछे छूट गया था। आज सुबह उठा तो घर में नवरात्रि का माहौल था, कहीं से आरती की आवाज़ आ रही थी, कहीं से घी और कपूर की खुशबू। बस मन किया कि आज बैठकर इसी के बारे में लिखता हूँ। कोई बड़ा लेखक नहीं हूँ, बस जो दिल में है वो सीधा-सादा लिख रहा हूँ। पढ़ना, और अच्छा लगे तो किसी को शेयर भी कर देना। बचपन वाली नवरात्रि जब छोटा था तब नवरात्रि का मतलब मेरे लिए अलग था। तब ना व्रत की समझ थी, ना देवी के नौ रूपों की। बस इतना पता था कि इन दिनों घर में कुछ खास बनता है, शाम को सब लोग एक साथ आरती में खड़े होते हैं और आरती के बाद प्रसाद मिलता है। सच बताऊँ तो मेरी असली दिलचस्पी प्रसाद में ही रहती थी। आरती लंबी चलती तो मैं बीच-बीच में आँख खोलकर देखता कि प्रसाद की ...
Welcome! To lalitdiaries